जलालाबाद में पंजाब नेशनल बैंक के बाहर हंगामा करते उपभोक्ता और समझाते पुलिसकर्मी। उपभोक्ता
जलालाबाद। बैंक मित्र अंकुर सैनी पर करोड़ों की रकम गबन करने के मामले में पीड़ित खाताधारकों ने सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक शाखा में जमकर हंगामा किया। तय तारीख बीतने के बाद भी खातों में रकम वापस नहीं आने से नाराज खाताधारकों ने उपप्रबंधक का घेराव कर उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की। बैंक का कामकाज प्रभावित होने पर पहुंची पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को शाखा से बाहर निकाला।
पीड़ितों के अनुसार पूर्व में धरना-प्रदर्शन के दौरान बैंक अधिकारियों ने जांच में सही पाए गए मामलों में 10 अक्तूबर तक रकम वापस करने का आश्वासन दिया था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी समाधान नहीं हुआ तो खाताधारक बैंक पहुंच गए। शाखा प्रबंधक मानवेंद्र सिंह के अवकाश पर होने के कारण उन्होंने करीब दो घंटे तक उपप्रबंधक कुलदीप सिंह मीणा का घेराव किया। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
तीन लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप
खाताधारक रीना ने आरोप लगाया कि उनके खाते से तीन लाख रुपये की हेराफेरी हुई है। उषा, अनीता, राजबीरी, संतोष, शकीला, संजोगिता, विमलेश और अजय कुमार समेत अन्य पीड़ितों ने भी रकम वापस नहीं मिलने की शिकायत की। उनका आरोप है कि बैंक अधिकारी लगातार आश्वासन देकर मामले को टाल रहे हैं। पीड़ितों ने पुलिस की कार्रवाई और मामले की विवेचना पर भी नाराजगी जताई। पूर्व में ग्राहकों ने बैंक मित्र पर दो करोड़ से अधिक रुपये लेने के बावजूद जमा नहीं करने का आरोप लगाया था। मामले में प्राथमिकी भी दर्ज है। उपप्रबंधक कुलदीप सिंह मीणा ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। मामले की जांच चल रही है। जल्द ही खाताधारकों के खातों में रुपया पहुंचेगा।