थानाभवन दंगल में कुश्ती लड़ते पहलवान । संवाद
थानाभवन। मेला गुघाल का दंगल और रागिनी के साथ ही समापन हो गया। दर्शकों ने कुश्ती और रागिनी का खूब आनंद लिया। पहलवानों व कलाकारों के उत्साह के लिए खूब तालियां बजाईं।
दस दिन तक हुए दंगल में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर जलालाबाद के जाकिर पहलवान को प्रथम पुरस्कार दिया गया। गंगोह के जावेद पहलवान द्वितीय पुरस्कार मिला। वहीं कैराना के नसीम पहलवान ने तृतीय पुरस्कार अपने नाम किया। रविवार को अखाड़े में हुई बड़ी कुश्तियों में गंगोह के जावेद पहलवान और रोहतक के श्रीपाल पहलवान के बीच हुई 3100 रुपये की कुश्ती बराबरी पर छूटी। इसी तरह कैराना के नसीम और हरियाणा के मोहित की 2100 रुपये की कुश्ती भी बराबरी रही। लुहारी के अजहर और हरियाणा के सचिन की 1100 रुपये की भिड़ंत भी बिना किसी नतीजे के समाप्त हुई। बापौली के गय्यूर पहलवान ने रोहतक के आर्यन को 1100 रुपये की कुश्ती में हराकर जीत दर्ज की। जलालाबाद के अभिषेक और हरियाणा के अभिषेक के बीच हुई 700 रुपये की कुश्ती में हरियाणा के अभिषेक ने जीत हासिल की। इसके अलावा जाकिर जलालाबाद और वंश रोहतक की 2100 रुपये की भिड़ंत तथा देव (रोहतक) और कैफ लुहारी की 700 रुपये की कुश्ती बराबरी पर रही। मेला गुघाल का यह दंगल परंपरा और खेल भावना का अद्भुत संगम रहा। आखिरी दिन हजारों दर्शकों ने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया और खेल का आनंद लिया।
वहीं रागिनी कार्यक्रम हुआ। मशहूर कलाकार केशव गुर्जर, पेप्सी शर्मा, मुस्कान बेबी, आरसी उपाध्याय, कशिश चौधरी और रेनू चौधरी ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को खूब आनंदित किया। मेला कमेटी के सदस्य अरोड़ा, महबूब, महावीर सिंह, दिनेश कुमार, सभासद देवेंद्र सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राव वारिस ने विजेता पहलवानों व कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।