शामली में आवारा कुत्ते पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली में बृहस्पतिवार रात आवारा कुत्ते पर कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसकी सूचना से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के विरुद्ध जमकर हंगामा किया।
विज्ञापन
आरोप है कि जब ग्रामीणों ने उक्त घटना को लेकर विरोध किया तो कुत्ते को मारने वाला पक्ष झगड़े पर आमादा हो गया। जिससे गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के पश्चात पुलिस ने ग्रामीणों से मामले में पूछताछ की।
दूसरी ओर गांव खंद्रावली में आवारा कुत्ते को मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर कुत्ते को मारने की निंदा की जा रही है। साथ ही दोषी लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल का कहना है कि घटना के संबंध पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषी व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।