कांधला। खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम के चेयरमैन ने कांधला में बाईपास मार्ग स्थित पीडीएस के गोदाम पर छापा मारकर धांधली का पर्दाफाश करते हुए एसडीएम कैराना को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई को लेकर नगर में राशन डीलरों मे हड़कंप मचा रहा।
शुक्रवार देर शाम खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम विभाग के चेयरमैन रियासत राणा एक शिकायत पर कैराना कांधला बाईपास मार्ग स्थित पीडीएस केंद्र पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे।
उन्होंने केंद्र प्रभारी सुनील शर्मा से स्टॉक रजिस्टर चैक कराने को कहा। केंद्र प्रभारी ने बताया कि 3386 क्विंटल गेहूं, 2273 क्विंटल चावल और 265 क्विंटल चीनी राशन डीलरों को वितरित कर दी गई। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में गड़बड़ी पाई गई। स्टॉक रजिस्ट्रर के मुताबिक उक्त खाद्यान्न राशन डीलरों को दिया गया, लेकिन गोदाम में रखा खाद्यान्न भारी धांधली की और संकेत कर रहा था।
धांधली की आशंका के चलते रियासत राणा ने केंद्र प्रभारी को जमकर फटकार लगाई और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी। राज्यमंत्री ने एसडीएम कैराना को मामले से अवगत करा कार्रवाई करने के निर्देश दिए।