फार्मासिस्टों का दो घंटे कार्य बहिष्कार, दवा न मिलने से मरीज परेशान
शामली। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर 20 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के तीसरे चरण में जिले के फार्मासिस्टों ने सरकारी अस्पतालों में सुबह आठ बजे से दस बजे तक दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान इमरजेंसी और पोस्टमार्टम सेवाएं बाधित नहीं रखी गई। फार्मासिस्टों के कार्य न करने से सुबह अस्पतालों में आए मरीजों को दवा के लिए इंतजार करना पड़ा। दवा न मिलने के कारण मरीज परेशान रहे।
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। चार दिसंबर को उन्होंने मांगों के संबंध में सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर सीएम योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन दिया था। दूसरे चरण में पांच दिसंबर से आठ दिसंबर तक काला फीता बांधकर कार्य किया। आंदोलन का तीसरा चरण बृहस्पतिवार से शुरू होकर 16 दिसंबर तक चलेगा। इस चरण सुबह आठ बजे से दस बजे तक दो घंटे सभी फार्मासिस्ट कार्य बहिष्कार रखेंगे। इस दौरान आकस्मिक और पोस्टमार्टम सेवाएं बाधित नहीं रहेगी।
बृहस्पतिवार को फार्मासिस्टों ने अस्पताल में कार्य बहिष्कार रखा और मरीजों को दवा का वितरण नहीं किया। दवा न मिलने के कारण मरीज परेशान रहे। सीएचसी में औषधि वितरण कक्ष खिड़की बंद रखी। इस दो घंटे में करीब 15 मरीज उपचार के लिए आए थे। ओपीडी में जांच कराने के बाद मरीज दवा न मिलने से परेशान रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रामनिवास ने बताया कि फार्मासिस्टों ने दो घंटे कार्य बहिष्कार रखा। मरीजों को दवा वितरण के लिए स्टाफ नर्स को लगाया गया था ताकि मरीजों को परेशानी न हो सके। उधर, जिला अस्पताल में भी फार्मासिस्ट संजीव शर्मा और सुनील कुमार आदि ने कार्य बहिष्कार रखा। इस दौरान मरीज दवा के लिए इंतजार करते मिले।
जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंची कैराना निवासी फरजाना ने बताया कि उसे जुकाम खांसी की शिकायत है, लेकिन अब दवा लेने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। झिंझाना निवासी लियाकत ने बताया कि उसे कान में परेशानी है। चिकित्सक ने दवा लिख दी है, लेकिन बताया गया कि 10 बजे दवा मिलेगी। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन शामली के जिला मंत्री संजीव शर्मा ने बताया कि 16 दिसंबर तक रोजाना सुबह आठ से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार चलेगा। इस दौरान आकस्मिक और पोस्टमार्टम सेवाएं बाधित नहीं रखी गई। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी सरकार मांगों पर विचार नहीं करती तो अगले चरण में पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
शामली सीएचसी में दवांई लेने के लिये बैठे मरीज- फोटो : SHAMLI
शामली एनसीसी कार्यालय में - ष्ट.ष्ठ.स् विपिन रावत को श्रद्धांजलि देते आर्मी के जवान- फोटो : SHAMLI