जिला अस्पताल में बंद अल्ट्रासाउंड जांच कक्ष। संवाद
शामली। जिला अस्पताल में तीन दिन से अल्ट्रासाउंड जांच बंद है। अल्ट्रासाउंड जांच न होने से मरीज परेशान हैं और निराश होकर घर जाने को मजबूर रहे। सीएमएस ने बताया कि सोमवार से मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच शुरू होगी।
जिला अस्पताल में मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में नियुक्त दो रेडियोलॉजिस्ट डॉ. भुजबीर सिंह व डॉ. विनीत कौशिक को शामली के जिला अस्पताल में तीन-तीन दिन के लिए संबद्ध किया गया है। सप्ताह के पहले तीन दिन डॉ. भुजबीर सिंह और सप्ताह में बाद के तीन दिन डॉ. विनीत कौशिक को अल्ट्रासाउंड जांच करने के लिए रोस्टर बनाया गया है।
डॉ. विनीत कौशिक ने पिछले सप्ताह जॉइन कर लिया, लेकिन पंजीकरण न होने से अल्ट्रासाउंड जांच शुरू नहीं की गई थी। इस सप्ताह पंजीकरण होने के बाद भी तीन दिन से जांच बंद है। अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद पड़ा है और जांच न होने से मरीज परेशान हैं। शनिवार को अल्ट्रासाउंड कराने आए मरीजों को बिना जांच के ही वापस जाना पड़ा। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज अखोरी ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट डॉ. विनीत कौशिक की मुजफ्फरनगर में ड्यूटी लगाई गई, जिस कारण वे नहीं आ सके। सोमवार से मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच होगी।
बोले मरीज : शकीला ने बताया कि उसके पेट में दर्द रहता है। चिकित्सक को दिखाया तो उसने अल्ट्रासाउंड जांच कराने को कहा। यहां जांच न होने पर उसे वापस जाना पड़ेगा।
राममेहर ने बताया कि उसके पेट में सूजन होने की आशंका चिकित्सक ने बताते हुए अल्ट्रासाउंड जांच कराने की सलाह दी। अस्पताल में आकर पता चला कि अल्ट्रासाउंड जांच नहीं होगी। उसे वापस जाना पड़ रहा है।