थानाभवन में गिरी मकान की छत। संवाद
जलालाबाद/थानाभवन। अलग-अलग जगहों पर कच्चे मकानों की छत गिर गई। गनीमत रही कि दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान क्षतिग्रस्त होने से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए है।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव चंदेना माल निवासी प्रदीप कश्यप का परिवार शुक्रवार रात में घर के कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबे के बीच परिवार को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। प्रदीप कश्यप मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं।
वहीं, थानाभवन नगर के मोहल्ला शाहविलायत में शुक्रवार रात हल्की बारिश के दौरान इसराना पत्नी रिजवान के कच्चे मकान की छत गिर गई। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे सभी सुरक्षित बच गए।
पीड़िता इसराना ने बताया कि उनका परिवार मेहनत-मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। जिस कमरे की छत गिरी, उसी में परिवार रहता था। अब छत गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हल्का लेखपाल सुनील दत्त शर्मा ने निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी।