शामली जिला अस्पताल के सीटी स्कैन सेंटर पर हंगामा करते मरीज
शामली। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन कराने में देरी होने पर मरीजों ने हंगामा कर दिया। मरीजों का आरोप है कि वे सुबह ही लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन अस्पताल के कुछ कर्मचारी अंदर से ही सीटी स्कैन करा रहे हैं। बाद में समझाने पर मरीज शांत हुए।
जिला अस्पताल में पीपीपी मोड पर सीटी स्कैन की निशुल्क सुविधा मरीजों के लिए उपलब्ध है। सरकारी अस्पताल के चिकित्सक की सलाह पर मरीजों का सीटी स्कैन कराया जाता है। शनिवार को दोपहर मरीजों की लाइन लगी थी। उसी समय मरीजों ने हंगामा कर दिया। मरीजों का कहना था कि सुरक्षा गार्ड व अन्य कर्मचारी अंदर जाकर अपने परिचित मरीज का पंजीकरण पहले करा रहे हैं, जबकि वे सुबह से लाइन में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि लाइन में लगे मरीजों के नंबर के अनुसार पंजीकरण की व्यवस्था होनी चाहिए। इस दौरान काफी देर तक शोर शराबा व गहमागहमी का माहौल बना रहा। बाद में कुछ लोगों ने मरीजों को समझाकर शांत किया। शामली निवासी रेखा गोयल ने बताया कि उससे चला नहीं जाता और पैरों में दर्द है। वह सुबह से अपने नंबर का इंतजार कर रही है।
सीटी स्कैन कराने आए मरीज की जेब से निकाले 2500 रुपये
गांव कसेरवा निवासी विजयपाल शनिवार को जिला अस्पताल में सीटी स्कैन कराने आए थे। वे रजिस्ट्रेशन कराने के लिए भीड़ में लाइन में खड़े थे। उसी दौरान उनकी जेब से 2500 रुपये निकाल लिए। जेब में रुपये न मिलने पर उसने इधर-उधर तलाश की व लोगों से जानकारी की, लेकिन रुपये नहीं मिल सके। करीब 15 दिन पहले भी जिला अस्पताल में ओपीडी में इलाज कराने आई महिला के गले से सोने का लॉकेट चेन सहित गायब हो गई थी।