शामली। कैराना क्षेत्र के सांसद और भाजपा नेता हुकुम सिंह ने संसद में जिले का प्रदूषित जल का मुद्दा उठाया। सांसद ने पूछा क्या तेल विपणन कंपनियों की कीमतों में कमी के कारण घाटे में जा रही है, ऐसा क्यों।
भाजपा जिला प्रवक्ता डॉ. मनोज शर्मा ने बताया नियम 377 में कैराना क्षेत्र के सांसद हुकुम सिंह ने क्षेत्र के प्रदूषित जल का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा नदियों के प्रदूषित जल के कारण इंडिया मार्का हैंड पंपों का पानी इतना प्रदूषित हो गया है। इस कारण क्षेत्र के लोग कैंसर, ह्रदय रोग, हैपेटाईटिस और डेंगू जैसे रोग की चपेट में आ रहे हैं। बार-बार पत्र लिखने के बाद भी अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने हर गांव में स्वच्छ पानी आपूर्ति के लिए टंकी बनवाने की मांग उठाई। सांसद ने प्रश्न संख्या 2432 के माध्यम पूछा क्या पेट्रोलियम मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे। क्या तेल विपणन कंपनियां कीमतों में भारी कमी के कारण घाटे में जा रही है, और कुछ परियोजनाओं को बंद कर रही है। पेट्रोलियम उत्पादों के क्रय विक्रय मूल्यों का ब्योरा क्या है।
प्रश्न का उत्तर देते पेट्रोलियम राज्यमंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अंतरराष्ट्रीय तेल मूल्य में भारी गिरावट के कारण कंपनियों द्वारा माल संबंधी नुकसान के बारे में बताया। इस कारण ओएनजीसी का लाभ 2012 -13 में 20926 करोड़ के मुकाबले 2015 -16 में 10302 करोड़ और गेल का लाभ 2012-13 में मे 4022 करोड़ के मुकाबले 2015-16 में 865 करोड़ रुपये रह गया है। उन्होंने बताया घरेलू एलपीजी गैस के एक सिलेंडर की लागत सरकार को 606.85 रुपये पड़ रही है, जो उपभोक्ता को 417.82 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएनजी ट्रेन को चलाने की मांग
शामली। भाजपा प्रवक्ता डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कैराना सांसद हुकुम सिंह ने रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को एक पत्र लिखकर दिल्ली - बड़ौत तक शाम को आने वाली ट्रेन को शामली तक चलाने की मांग की। उन्होंने रेलमंत्री का अवगत कराया दिल्ली से शामली चलने वाली सीएनजी ट्रेन पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी है, इस ट्रेन को फिर शामली तक चलाने की मांग की। भाजपा प्रवक्ता ने बताया सांसद की रिश्तेदार के यहां आयोजित विवाह समारोह में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने बताया सुबह को चलने वाली यह ट्रेन को सर्दी और कोहरे के कारण बंद किया । मौसम साफ होने के बाद फिर दिल्ली से लेकर शामली तक चलाई जाएगी।