कांधला क्षेत्र के गांव भनेडा की गऊशाला में प्रदशर्न करते ग्रामीण
- फोटो : SHAMLI
कांधला। गांव भनेड़ा में गोशाला पर गोवंशों के लिए पर्याप्त सुविधा न होने का आरोप लगाते हुए रालोद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने सुविधाएं न देने पर ब्लाक परिसर में अनिश्चित धरना की चेतावनी दी।
थानाक्षेत्र के गांव भनेड़ा में कई माह पूर्व गोशाला को बनाया गया था। इसमें करीब 33 गोवंश है। गोशाला का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है, जिसके कारण आए दिन यहां पर गोवंश बीमार या फिर मर रहे हैं। रविवार को गांव के लोगों की शिकायत पर जब कोई कार्रवाई प्रशासन के द्वारा नहीं की गई तो रालोद नेता राजन जावला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोशाला पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। देवेंद्र, सोनू, राहुल, उपेंद्र, सोनू, राहुल आदि ने बताया कि गर्मी के मौसम में गोवंश खुले में रहते है उनके ऊपर छाया का कोई इंतजाम नहीं है। खाने के लिए सूखा चारा मिल रहा है, जिसे खाने के बाद गोवंश बीमार पड़ रहे हैं या फिर मर रहे हैं। पिछले एक माह के अंदर करीब छह गोवंश की मौत हो चुकी है। बार-बार शिकायत के बाद भी कोई ध्यान इस ओर नहीं दिया जा रहा है। चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ब्लाक परिसर में धरना प्रदर्शन किया जायेगा। इस दौरान सतेंद्र, दिनेेश, टीनू, सुंदर आदि मौजूद रहे।