पंचायत सदस्यों ने किया इस्तीफा देने का प्रयास
शामली, कैराना। ग्राम प्रधानों के शपथ ग्रहण से पहले ग्राम पंचायत पावटी के नौ सदस्यों से अपने पद से इस्तीफा देने का प्रयास किया, लेकिन शपथ ग्रहण से पहले उन्हें सदस्य नहीं मानते हुए उनका इस्तीफा नहीं लिया गया।
मंगलवार और बुधवार को कैराना ब्लाक की ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सदस्यों की शपथ होगी। कुल 15 ग्राम पंचायत सदस्यों वाली ग्राम पंचायत पावटी में कोरम पूरा है और प्रधान एवं सदस्यों की शपथ होनी है। इससे पहले ही सोमवार को नौ ग्राम पंचायत सदस्य अपने इस्तीफे लेकर डीएम के पास पहुंच गए। बताया जाता है कि उनके शपथ पत्र यह कहते हुए लौटा दिए गए कि जब तक शपथ नहीं हो जाती तब तक उन्हें ग्राम पंचायत सदस्य नहीं माना जा सकता। बीडीओ डॉ. हरित कुमार ने बताया कि शपथ ग्रहण से पहले कोई ग्राम पंचायत सदस्य नहीं है। जिस कारण त्यागपत्र का कोई सवाल नहीं होता।
उधर, डीपीआरओ आलोक शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य अपना इस्तीफा जिला पंचायत अध्यक्ष के समक्ष दे सकते हैं। यदि कोई सदस्य अपने पद की शपथ लेने से इंकार कर दे तो पद स्वत: ही रिक्त माना जा सकता है। पावटी कला का प्रकरण उनके समक्ष नहीं आया। यदि सदस्य उनके पास आते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।