विदेशी पक्षियों से गुलजार हैदरपुर वेटलैंड शनिवार को जनभागीदारी से गुलजार हो उठा। विश्व आर्द्रता भूमि दिवस पर आयोजित बर्ड फेस्टिवल में अफसरों के साथ छात्र-छात्राएं भी जुटे। प्रकृति एवं पक्षियों के प्रति जागरूकता के लिए भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं हुईं। छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर रैली भी निकाली। विदेशी पक्षियों को देखकर उनके बारे में वन अफसरों से जानकारी जुटाई।
विदेशी और स्थानीय पक्षियों से समृद्ध हैदरपुर वेटलैंड पर दिन निकलते ही चहलपहल शुरू हो गई। मीरापुर के शिखर शिक्षा सदन, आकांक्षा डिग्री कॉलेज, ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, फैज ए आम जूनियर हाईस्कूल, श्रीराम पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल के छात्र-छात्राएं गंगा बैराज के नजदीक स्थित वेटलैंड पर पहुंच गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहारनपुर वन संरक्षक वीके जैन रहे। छात्र-छात्राओं को झील में कलरव कर रहे हजारों विदेशी पक्षी दिखाए गए और उनकी विशेषताओं की जानकारी दी गई। बताया गया है कि यह पक्षी साइबेरियन देशों से सर्दियों में यहां आते हैं और गर्मियां शुरू होते ही कूच करने लगते हैं। एसडीएम जानसठ विजय कुमार, पक्षी विशेषज्ञ आशीष लोहिया, प्रवक्ता रीना सिंह, आशीष चौधरी, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ से संजीव यादव, जरीन सईद ने पक्षियों, वन्य जीवों एवं प्रकृति के संरक्षण पर जोर दिया। कहा कि हम अपने पर्यावरण की रक्षा करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में श्रीराम स्कूल के भविष्य कुमार, ज्ञान स्थली के गौतम गिरि, शिखर शिक्षा सदन के अजीम खां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार दिया गया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित नारे लिखी तख्तियां लेकर रैली निकाली। कार्यक्रम में उपप्रभागीय वनाधिकारी पीसी मथुरिया, मोरना रेंजर राज सिंह पुंडीर, जानसठ रेंजर मनोज कुमार बलोदी, वन दरोगा मनोज कुमार बहुुखंडी, देवेंद्र कुमार, रमेश चंद, अंशीलाल, नंदकिशोर, गौरव कुमार, शबाब आलम, लताफत, सकावत, बिलाल हैदर, देवदत्त, मोहनलाल, बिजेंद्र, धनीराम, दीपक, शिक्षक पूनम शर्मा, मोहम्मद नैयर, प्रताप सिंह, जितेंद्र कुमार, मोहम्मद अकरम, नरेंद्र कौर, संजीव मलिक, आशीष चौधरी, ममता बहुुखंडी, विरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन नाहर सिंह एडवोकेट ने किया।
हैदरपुर वेटलैंड को मिलेगा पक्षी विहार का दर्जा
मुजफ्फरनगर। गंगा बैराज पर स्थित हैदरपुर वेटलैंड पर विदेशी पक्षियों की भरमार रहती है। सहारनपुर वन संरक्षक वीके जैन ने बताया कि करीब 1250 हेक्टेयर में फैले इस वेटलैंड में देशी एवं विदेशी पक्षियों की करीब 200 प्रजातियां मौजूद रहती हैं। उन्होंने बताया कि इस वेटलैंड को पक्षी विहार का दर्जा दिलाने के लिए जिला स्तर से प्रस्ताव पास किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस वेटलैंड को रिजर्व पक्षी विहार घोषित कर दिया जाएगा।
छोड़े जाएंगे घड़ियाल
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर वन संरक्षक वीके जैन ने बताया कि पक्षी विहार को विकसित करने के साथ ही यहां पर गंगा में घड़ियाल भी छोड़े जाएंगे। इसके अलावा कछुओं के लिए हैचरी भी बनाई जाएगी। इस पर तेजी से काम चल रहा है।