संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला/थानाभवन। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर देशभर में गम और गुस्सा है। शुक्रवार को भभीसा गांव में ग्रामीणों ने पाकिस्तान के पुतले की शवयात्रा निकाली।
लोगों ने पाकिस्तानी झंडा और पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर, हनीफ अब्बासी, बिलावल भुट्टो और ख्वाजा आसिफ की तस्वीरें सड़क पर रखकर विरोध जताया। थानाभवन में भी राजैनतिक और सामाजिक संगठनों ने बैठक कर कड़ा विरोध प्रकट किया।
कांधला क्षेत्र के गांव भारसी निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विजय हिंदुस्तानी ने ग्रामीणों के साथ गांव भभीसा में पाकिस्तान के पुतले की शव यात्रा निकाली। उसने कहा कि पहलगाम में निर्दोष व्यक्तियों को आतंकवादियों द्वारा मौत के घाट उतार दिया गया। पहले तो जवान शहीद होते थे, लेकिन इस बार तो पाकिस्तान ने सारी हदें पार कर दीं। पाकिस्तान हमारे नागरिकों और सैनिकों पर हमला कर रहा है और परमाणु बम का इस्तेमाल करने की धमकी दे रहा है।
विजय ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव ताहरपुर भभीसा के मुख्य मार्गों से पाकिस्तान के पुतले की शव यात्रा निकालते हुए उसे आग के हवाले किया। पूर्व में भी विजय हिंदुस्तानी ने घोषणा की थी कि जो भी इन पाकिस्तानी नेताओं के सिर लाएगा, उसे 10 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।
वहीं, थानाभवन में पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या को लेकर राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक, संगठनों के पदाधिकारियों की ठाकुरद्वारा मंदिर में बैठक हुई। बैठक में हमले की कड़ी निंदा करते हुए आतंक, आतंकवादी पनाहगार का जड़ मूल नाश करने की केंद्र सरकार से मांग की।
बजरंग दल के शालू राणा ने कहा कश्मीर के पहलगाम में 26 निर्दोष पर्यटकों को उनकी जाति और धर्म पूछ कर गोलियों से छलनी कर देना सिर्फ एक जघन्य अपराध नहीं, बल्कि यह मानवता के मूल्यों पर सीधा हमला है। विहिप के भारत भूषण ने भी विचार रखे। बैठक में संजय राणा, विन्नी राणा, संजय कश्यप, लवी राणा, सुशील कुमार ने भी विचार रखते हुए केंद्र सरकार से कार्रवाई की मांग की।