कांधला। गांव मखमूलपुर में सैकड़ों ग्रामीणों की वोट काटे जाने के मामले में दूसरे दिन भी कोई समाधान नहीं हो सका। इस कारण नाराज ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार कर जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
गांव मखमूलपुर से सैकड़ों ग्रामीणों की वोट काटे जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को इस मामले को लेकर सुधीर मलिक के आवास पर ग्रामीणों की बैठक की। इसमें वोटर लिस्ट से नाम काटने के विरोध में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
बैठक में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा अधिकारियों से मिलीभगत कर करीब 100 से अधिक ग्रामीणों की वोट काट दी। मंगलवार को ब्लाक कार्यालय में इस संबंध में शिकायत भी की, कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसमें ग्रामीणों ने कहा यदि वोट नहीं जोड़ी, तो चुनाव बहिष्कार होगा और जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन होगा। इसमें ग्रामीणों ने आला अधिकारियों से भी मिलने का निर्णय लिया है।
नामांकन रद करने की मांग ः गांव झाल निवासी अजय कुमार ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गांव के वार्ड नंबर दस से एक प्रत्याशी ने सदस्य पद के लिए नामांकन किया है। जबकि उक्त प्रत्याशी को एडीजे कैराना की कोर्ट से आजीवन कारावास व 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।
आरोप है कि प्रत्याशी ने शपथ पत्र में इस बात का भी कोई उल्लेख नहीं किया है। अजय कुमार ने उक्त प्रत्याशी का नामांकन रद करने की मांग की है।