शामली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से मंगलवार को विजयदशमी उत्सव मनाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने शस्त्र पूजन कर नगर के प्रमुख मार्गों से पथ संचलन निकाला। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। संचलन वीवी इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुआ।
मुख्य वक्ता जिला कार्यवाह दिवाकर ने कहा कि विजयदशमी भगवान श्रीराम की रावण पर और मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना की थी। संघ का उद्देश्य समाज को संगठित, संस्कारित और कर्तव्यनिष्ठ बनाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त कैप्टन अनिल कुमार ने की। इस दौरान भूपेंद्र, विनय, देशपाल सिंह, आदेश कुमार, शंकर चौहान, सतपाल, मुकुल कुमार, आशीष कुमार और मलूक चंद मौजूद रहे।