शहर के वीवी इंटर कॉलेज में यूपी पुलिस परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की आई स्कैनिंग करते कर्मच
- फोटो : मोनिका कुमारी
शामली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2025 जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन सकुशल संपन्न हुई। अभ्यर्थियों त्रिस्तरीय सुरक्षा के बीच से गुजरते हुए केंद्रों के अंदर पहुंचे। पहले दिन सभी केंद्रों अधिकारियों ने भी केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली के लिए सुबह आठ बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक हुई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सबसे पहले केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड व आधार कार्ड की जांच की गई।
इसके बाद अभ्यर्थी मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरे। उसके बाद फिर रेटिना तथा फिंगरप्रिंट स्कैन करते हुए अंदर भेजा गया। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर केवल ब्लैक या ब्लू बॉल प्वाइंट पैन, प्रवेश पत्र और आधार कार्ड ले जाने दिया गया। इसके अलावा अन्य कोई सामग्री अंदर नहीं जाने दी गई। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। 9.30 बजे के बाद किसी को केंद्र के अंदर नहीं जाने दिया गया।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि परीक्षा के पहले दिन दोनों पाली में सभी 11 केंद्रों पर 8784 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे, इसमें 7270 ने परीक्षा दी और 1514 अनुपस्थित रहे। इसमें प्रथम पाली में 4392 में से 3621 ने परीक्षा दी और 771 अनुपस्थित रहे।
वहीं द्वितीय पाली में 4392 पंजीकृत रहे, इसमें 3649 ने परीक्षा दी और 743 अनुपस्थित रहे। संवाद
शहर के वीवी इंटर कॉलेज में यूपी पुलिस परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की आई स्कैनिंग करते कर्मच- फोटो : मोनिका कुमारी