झिंझाना में वृद्ध की गोली मारकर हत्या
शामली/कैराना। झिंझाना क्षेत्र के वेदखेड़ी के जंगल में वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया। वृद्ध चार दिन से लापता चल रहा था। उधर, कैराना क्षेत्र में नाहिद कॉलोनी के निकट सड़क किनारे कस्बा ऊन निवासी युवक का शव बरामद हुआ है। उसकी बाइक शव के निकट पड़ी मिली। युवक 15 दिन से लापता चल रहा था। परिजनों की तरफ से दोनों की पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। उधर, देर रात झिंझाना निवासी वृद्ध मुस्तफा की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन भाई विजय पाल, सतपाल एवं संजय निवासी झिंझाना तथा गांव हसनपुर निवासी रवि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ कैराना जितेंद्र कुमार ने बताया कि रवि पुलिस की हिरासत में है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने इस मामले में डीआईजी सहारनपुर और एसपी शामली से बात कर निष्पक्ष जांच को कहा है।
मुजफ्फरनगर के किदवई नगर के मूल निवासी मुस्तफा (65) अपने बेटे गुड्डू के साथ पिछले कई साल से कस्बा झिंझाना में बस स्टैंड के निकट मोहल्ला तलाही में में रहता था। मकान में नीचे के हिस्से में वह बूरा, बताशा, रेवड़ी आदि बनाने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक वह 29 जनवरी की शाम को लापता हो गया था। उसके बेटे गुड्डू ने उसकी तलाश की, लेकिन उसके बारे में पता नहीं चलने पर झिंझाना थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई। सोमवार दोपहर को झिंझाना पुलिस को वेदखेड़ी के जंगल में गोली लगा शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह के मुताबिक शव की पहचान लापता मुस्तफा के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
उधर, कैराना क्षेत्र में सोमवार को दोपहर करीब एक बजे झिंझाना रोड पर नाहिद कॉलोनी के पास सड़क किनारे खाई में करीब 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव के निकट बाइक भी पड़ी थी। पुलिस के मुताबिक उसके जेब से मिले कागजों के आधार पर शव की पहचान कस्बा ऊन निवासी देवेंद्र के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक देवेंद्र पहले गांव पिंडोरा में प्राइवेट स्कूल में शिक्षक था, लेकिन कोरोना के चलते स्कूल बंद रहने के कारण वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। मृतक के दो बेटे और एक बेटी है। उसकी पत्नी सुषमा ने 19 जनवरी को ऊन पुलिस चौकी पर सूचना दर्ज कराई थी कि 16 जनवरी की शाम चार बजे उसका पति देवेंद्र बाइक से काम की तलाश में गया था। दो घंटे बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था, जिस कारण उसके बारे में पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। शव करीब चार-पांच दिन पुराना लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा।
कोट
झिंझाना क्षेत्र में वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया था। इस मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इस मामले में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। कैराना में मिले युवक के शव के मामले की जांच की जा रही है।
-सुकीर्ति माधव, एसपी।
कैराना में मजदूर देवेन्द्र के शव की जानकारी लेती पुलिस व पास ही पडी बाइक- फोटो : SHAMLI