अधिकारियों ने किया पटाखा फैक्टरी का निरीक्षण
शामली, थानाभवन। कस्बा थानाभवन में पटाखा फैक्टरी का निरीक्षण बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुजफ्फरनगर की एक टीम भी निरीक्षण करने पहुंची। एसडीएम व अग्निशमन अधिकारी अलग से निरीक्षण करने में जुटे हैं।
कस्बे में 15 पटाखा फैक्टरी ऐसी हैं जिन पर लाइसेंस हैं। जिनका निरीक्षण बुधवार के दिन जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव ने भारी पुलिस बल के साथ किया था। जिलाधिकारी ने पटाखा फैक्टरियों में खामियों को देख कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
बृहस्पतिवार को एसडीएम संदीप कुमार, अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा पुलिस बल के साथ पटाखा फैक्टरियों का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां उन्होंने निरीक्षण करते हुए खामियों को देख कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि पटाखा फैक्टरियों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। जो भी खामियां सामने आ रही हैं, उसकी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। जिलाधिकारी के आदेश के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुजफ्फरनगर की एक टीम फैक्टरियों में पर्यावरण के मानकों की जांच करने पहुंची। उन्होंने पर्यावरण के बिंदुओं को लेकर पटाखा फैक्टरियों का भौतिक सत्यापन किया। जिसमें कई खामियां सामने आईं। पर्यावरण विभाग से किसी भी प्रकार का अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लिया गया था।
टीम का कहना है कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। पटाखा फैक्टरियों के निरीक्षण को लेकर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।