फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: किसान को बचाने नहीं दौड़े अधिकारी, हर कोई जांच के घेरे में

Thu, 20 Aug 2026 12:28 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
शामली/बनत। गोहरनी गांव में भूमि विवाद के दौरान किसान आदित्य के खुद को आग लगाने के मामले में अब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की जांच होगी। परिजनों का आरोप है कि टीम के किसी अधिकारी और कर्मचारी ने आग से घिरे किसान को बचाने की कोशिश नहीं की। अब आदित्य दिल्ली अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहा है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिसकर्मियों की जांच एएसपी को सौंप दी है। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू कराई है।
विज्ञापन


मंगलवार को राजस्व और पुलिस की टीम गोहरनी गांव में भूमि विवाद के चलते चहारदीवारी हटाने पहुंची थी। इसी दौरान 22 वर्षीय किसान आदित्य ने लेखपाल पर 50 हजार की रिश्वत मांगने, मनमानी करने और उसकी सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। किसान के शरीर में आग लगने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने ही दौड़कर किसी तरह आग बुझाई और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों का आरोप है कि तहसीलदार राहुल सिंह और कानूनगो अमरीश शर्मा मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसान को बचाने के लिए कोई नहीं दौड़ा। यहां तक कि आदर्श मंडी थाने का दरोगा मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में लगा रहा। डीएम आलोक यादव ने बताया कि चहारदीवारी गिराने पहुंची टीम के हर सदस्य की जांच की जाएगी कि आखिर ये हालात क्यों बने। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

तहसीलदार राहुल सिंह ने परिजनों के तमाम आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने यहां तक कहा कि वह तो मौके पर मौजूद ही नहीं थे। कानूनगो अमरीश शर्मा ने भी किसान द्वारा चहारदीवारी नहीं हटाने के बदले 50 हजार रुपये मांगने के आरोप को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
विधवा ने मांगी सुरक्षा
शामली। गोहरनी गांव में किसान आदित्य द्वारा आत्महत्या के प्रयास के मामले के बाद न्यायालय और प्रशासन के आदेश पर विवादित भूमि पर कब्जा मिलने के बाद 78 वर्षीय वीरबाला ने किसान पर झूठे आरोप लगाकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग जिलाधिकारी से की है।
किसान के आत्महत्या के प्रयास पर सपा ने सरकार को घेरा
शामली। गोहरनी के किसान आदित्य के आत्महत्या के प्रयास के मामले में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. सुधीर पंवार ने कहा कि किसान ने कानूनगो पर 50 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। प्रशासनिक भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। उन्होंने किसान का बेहतर उपचार कराने और घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें