शामली में बारिश के दौरान जाते लोग। संवाद
शामली। जिले में आधी रात के बाद शुरू हुई रिमझिम बारिश बुधवार दोपहर 11 बजे तक चलती रही। बारिश के दौरान लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन दोपहर को धूप निकलने पर फिर गर्मी व उमस बनने से लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान 32 डिग्री पर स्थित रहा जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी होकर 26 डिग्री पर रहा।
मंगलवार को रात करीब दो बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद कभी हल्की तो कभी तेज रिमझिम बारिश चलती रही। बुधवार दोपहर तक बारिश से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव की भी समस्या बनी रही। बारिश थमने के बाद दोपहर में तेज धूप निकली। धूप के साथ ही मौसम में उमस बनने से लोगों को गर्मी व पसीने की चिपचिपाहट से जूझना पड़ा। पूर्वी यमुना नहर लोअर खंड के सहायक अमरजीत ने बताया कि जिले में रात से लेकर सुबह तक 13 एमएम बारिश हुई।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि बारिश होने पर सभी फसलों व सब्जियों में जलभराव होने पर पानी की निकासी की व्यवस्था बनाए रखें। जलभराव होने पर सब्जियों की फसलों को नुकसान हो सकता है।
संजीव शर्मा