शामली। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 92 महिलाएं उपभोक्ताओं के विद्युत बिल जमा करने का कार्य कर रही हैं। जिस पर उन्हें एक प्रतिशत का कमीशन प्राप्त होता है। अब इन महिलाओं से मीटर रीडिंग कार्य भी कराया जाएगा।
इस कार्य के लिए प्रदेश में आठ जनपद पायलट प्रोजेक्ट के लिए चिह्नित किए गए हैं। जिनमें आजमगढ़, फतेहपुर, बरेली, लखनऊ, अलीगढ़, मैनपुरी बुलंदशहर और शामली को शामिल किया गया है। समूह की महिलाओं को मीटर रीडिंग का कार्य सिखाने के लिए शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्रदान दिया।
प्रशिक्षण में अधीक्षण अभियंता रामकुमार, उपायुक्त स्वत: रोजगार शैलेन व्यास, अधिशासी अभियंता राजपाल सिंह, सहायक अभियंता सूचना एवं प्रौद्योगिकी निशांत त्यागी, बिलिंग के कलस्टर हेड अंकुर कुमार वर्मा, जिला मिशन प्रबंधक पंकज कुमार, नोडल ब्लॉक मिशन प्रबंधक अवनीश कुमार उपस्थित रहे।