शामली। डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि किसानों को ऑनलाइन समिति सदस्यता प्रदान कराये जाने का निर्णय लिया गया है। नए किसानों को ऑनलाइन सदस्य बनाए जाने के लिए सदस्यता हेतु आवेदन करना होगा। ऑनलाइन सदस्यता हेतु पंजीकरण और किसानों के अभिलेखों की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि गन्ना विकास विभाग डिजिटल इंडिया के स्वप्न को साकार करने की दिशा में बढ़ रहा है।
सहकारी गन्ना एवं चीनी मिल समितियां गन्ना किसानों की एक पंजीकृत संस्था है। गन्ना उत्पादक किसान नियमानुसार विधिक सदस्यता प्राप्त करने के बाद ही गन्ना एवं चीनी मिल समितियों के माध्यम से चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति कर सकते हैं। समिति सदस्यता की जटिल प्रक्रिया को सरलीकृत करने, किसानों की सुविधाओं के मद्देनजर ईआरपी की पारदर्शिता त्वरित निस्तारण के लिए व्यवस्था के तहत किसानों को ऑनलाइन समिति सदस्यता प्रदान कराए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन सदस्यता प्राप्त करने के लिए किसानों को फोटो, बैंक की पासबुक, राजस्व खतौनी, फोटो पहचान पत्र एवं घोषणा पत्र वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। गन्ना किसानों को ऑनलाइन सदस्यता उनके अभिलेखों की जांच पूरी होने के बाद पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस. द्वारा प्रदान की जाएगी।