शामली ।कैराना, ऊन, कांधला ब्लाक में आयोजित समाजवादी विकास दिवस पर प्रदेश सरकार की योजनाओं का बखान किया गया। इस दौरान सपा सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।
बुधवार को विकास खंड कार्यालय पर आयोजित समाजवादी विकास दिवस में विधायक चौधरी नाहिद हसन ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चार साल में लोहिया ग्रामीण आवास योजना के तहत लाखों ग्रामीण परिवारों को लाभ पहुंचाया है। इसके अलावा समाजवादी पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, किसान दुघर्टना बीमा योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका योजना, कामधेनू योजना आदि का लाभ भी पात्रों को मिल रहा है।
राज्य खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम के चेयरमैन रियासत राणा ने कहा कि सपा सरकार हमेशा गरीबों के हित में काम करती है। इस दौरान समाजवादी पेंशन योजना में 20, लोहिया ग्रामीण आवास योजना में 20, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना में पांच पात्रों को प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम इंद्रसैन यादव, सीओ भूषण वर्मा, ब्लाक प्रमुख अयूब जंग, बीडीओ अरुण कुमार मौजूद रहे।
बुधवार को कैराना में कासिम अंसारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी का चार्ज संभाला। इसके बाद अधिशासी अधिकारी कासिम अंसारी ने 30 पत्रों को समाजवादी पेंशन योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए।
उधर, तहसील ऊन में समाजवादी विकास दिवस का आयोजन तहसीलदार मदन राठौर की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें 108 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को दी। इस दौरान मुख्य रूप से 20 लोहिया आवास, 25 कृषि विभाग, 20 जननी सुरक्षा योजना, 10 ग्रामीण आजीविका मिशन, 25 समाजवादी पेंशन, तीन कृषक दुर्घटना बीमा योजना समेत 108 पात्रों को प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि अशोक कुमार, झिंझाना चेयरमैन हाजी सरफराज खां आदि मौजूद रहे।
कांधला। खंड विकास कार्यालय पर आयोजित समाजवादी विकास दिवस पर ब्लाक प्रमुख हरविंद्र सिंह ने कहा कि सपा सरकार ने सभी वर्गों के लिए 25 लाभकारी योजनाएं चलाई हैं।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के गरीब व असहाय लोगों तक पहुंचे, तभी इन योजनाओं का उद्देश्य पूरा होगा। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख हरविंद्र सिंह, तहसीलदार कैराना अभयराज पांडेय, बीडीओ कांधला वींरेद्र सिंह ने 10 पात्र लोगों को साईकिल और 1100 लोगों को कामधेनू योजना, समूह गठन, लोहिया आवास योजना सहित लाभकारी योजना के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस मौके पर मुख्य रूप से ग्राम प्रधानपति संजीव चौधरी, पूर्व ब्लाक प्रमुख डाक्टर विनोद मलिक, मीमला प्रधान अनिल कुमार, आल्दी प्रधान अरविंद मौजूद रहे।