शामली। चुनाव में राजनीतिक दलों से टिकट लेने की होड़ मचती है, मगर निर्दलीय प्रत्याशी भी कम नहीं हैं। बीते चुनावों के आंकड़े बयां करते हैं कि निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत भले ही दर्ज न की हो, मगर राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के हार जीत के आंकड़ों को गड़बड़ाने में वह कभी पीछे नहीं रहे। यही वजह है
कि राजनीतिक दलों से घोषित प्रत्याशियों की नजरें निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी रहती हैं।
इस बार के विधानसभा चुनाव में जिले की तीनों सीटों पर कुल 33 प्रत्याशी हैं, जिनमें 14 निर्दलीय हैं। कैराना सीट पर चार, थानाभवन पर चार और शामली सीट पर छह निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। वैसे तो निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी जीत के लिए प्रयास करते हैं, मगर राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों का प्रयास रहता है कि किसी तरह निर्दलीय प्रत्याशियों से अंदरूनी तौर पर समझौता कर लिया जाए या फिर सामने वाले मुकाबले के प्रत्याशी को नुकसान पहुंचाने की जुगत भिड़ाई जाए।
हालांकि पुराने आंकड़े बयां करते हैं कि निर्दलीय प्रत्याशी अंत तक चुनाव मैदान में अड़े रहे, वोट बेशक कम पाए, मगर हार जीत के आंकड़ों में उलटफेर करने में उनकी भूमिका कम नहीं रही।
2012 के चुनाव की स्थिति
तब थानाभवन सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव परिणाम को उलटकर रख दिया था। इस सीट पर एकमात्र निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में इम्तियाज अली खान ने चुनाव लड़ा था, जिन्हें 1321 वोट मिले थे।
वहीं, चुनाव जीते भाजपा प्रत्याशी सुरेश राणा को 53719 और दूसरे नंबर पर रहे रालोद प्रत्याशी अशरफ अली खान को 53454 वोट मिले थे। इस लिहाज से अशरफ अली खान महज 265 वोटों से हार गए थे। यदि निर्दलीय प्रत्याशी इम्तियाज अली खान को मिले 1321 वोटों में से आधे भी अशरफ अली खान को मिल जाते, तो चुनाव परिणाम भी बदल जाता। इसी तरह कैराना सीट पर पांच निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था, जिनमें सर्वाधिक 5862 वोट अब्दुल अजीज अंसारी को मिले थे।
अन्य चार निर्दलीय प्रत्याशियों को मिलाकर कुल पांचों प्रत्याशियों को 9457 वोट मिले थे। वहीं, इस सीट पर जीते भाजपा प्रत्याशी हुकुम सिंह को 80293 और दूसरे नंबर पर रहे बसपा के हाजी अनवर हसन को 60750 वोट मिले थे। शामली सीट पर कुल 26 प्रत्याशी थे, जिनमें 10 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़े थे। सर्वाधिक 749 वोट अजित प्रसाद को मिले थे। बाकी प्रत्याशियों के वोटों को जोड़ा जाए, तो 3150 वोट सभी प्रत्याशियों को प्राप्त हुए थे। जीत दर्ज कराने वाले कांग्रेस प्रत्याशी पंकज मलिक को 53947 और दूसरे नंबर पर रहे सपा के वीरेंद्र सिंह को 50206 वोट प्राप्त हुए थे। इन दोनों में हार जीत का अंतर 3741 रहा था।
इस बार सीटवार निर्दलीय प्रत्याशी
कैराना सेठपाल, विनोद कोरी, धर्मवीर कश्यप,
संदीप कुमार
थानाभवन राहत अली, परवेज
अली, सहदेव और
सुनील
शामली मनीष चौहान, संजीव
लोकेंद्र सिंह, ओमपाल
सिंह, संजीव कुमार,
गुफरान काजमी