शामली। निपुण भारत मिशन अभियान के तहत बच्चों के ज्ञान की परख के लिए निपुण एसेसमेंट टेस्ट 12 और 13 दिसंबर को होगी। इसमें जनपद के 596 परिषदीय विद्यालयों के करीब 80 हजार बच्चे बैठेंगे। पहले दिन कक्षा 1 से 3 तक बच्चे परीक्षा देंगे। दूसरे दिन कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। कक्षा एक से तीन के विद्यार्थियों को हिंदी और गणित के 12 प्रश्न, चार एवं पांच के छात्र-छात्राओं को हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन के 30 प्रश्नों के जवाब देने होंगे। इसी तरह कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को हिंदी, सामाजिक विज्ञान के 50 प्रश्नों के जवाब देने होंगे। छात्र-छात्राओं को ओएमआर शीट पर विकल्प भरने होंगे। परीक्षा देते समय ओएमआर शीट भरने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए बच्चों को पहले से ही ट्रेनिंग दी जा रही है। ओएमआर शीट काले बॉल पेन से भरनी होगी। ओएमआर शीट तीन प्रकार की होगी। कक्षा एक से तीन, चार से पांच एवं छह से आठ तक ओएमआर शीट का प्रारूप अलग-अलग होगा। प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की ओर से नौ अंकों की आईडी क्रमांक प्रेरणा पोर्टल से डाउनलोड कर बच्चों को उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र छात्र-छात्राओं को साथ ले जाने की इजाजत होगी। मूल्यांकन के बाद उत्तर पुस्तिकाएं तीन माह तक विद्यालय में सुरक्षित रखनी होंगी। प्रश्नपत्र डायट से सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर पहुंच गए है।