बसेड़ा रेत खनन प्वाइंट पर रात के अंधेरे में अवैध रेत खनन हो रहा था। एसडीएम के निरीक्षण में रात की सीसीटीवी फुटेज नहीं मिली। मौके से रेत से लदा ओवरलोड डंफर पकड़कर सीज कर दिया। एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए ठेकेेदार को नोटिस जारी करने के लिए खनन अधिकारी को निर्देश दिए है।
एसडीएम अमित पाल शर्मा ने बताया कि बसेड़ा यमुना खादर में पांच साल के लिए रेत खनन का ठेका छोड़ा गया है। इस प्वाइंट पर रात में अवैध खनन की शिकायतें मिलने पर नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए है। नायब तहसीलदार को रात की सीसीटीवी फुटेज की समय-समय पर जांच करने के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को एसडीएम डाक्टर अमित पाल शर्मा और तहसीलदार रनबीर सिंह बसेड़ा रेत खनन प्वाइंट पर पहुंचे और खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि खनन प्वाइंट पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। नाइट विजन कैमरे होने के बावजूद भी खनन ठेकेदार रात की फुटेज नहीं दिखा सके। एसडीएम ने बताया मौके से रेत के ओवरलोड डंफर कब्जे में लेकर सीज कर दिया और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। रात की सीसीटीवी कैमरे में फुटेज नहीं मिली है। इसके लिए खनन अधिकारी को ठेकेदार के नाम नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए है। साथ ही इस मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।