नदी किनारे झाड़ी में मिली नवजात की उपचार के दौरान मौत
शामली/बाबरी। बाबरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा में नदी के किनारे झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई।
सोमवार सुबह गांव बंतीखेड़ा में ग्रामीण अपने खेतों में कार्य करने के लिए जा रहे थे। नदी किनारे झाड़ियों में उन्हें किसी बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने झाड़ियों के निकट जाकर देखा तो वहां पर झाड़ियों के बीच कूड़े में नवजात बच्ची रोती हुई मिली। ग्रामीणों के मुताबिक बच्ची को देखने से लग रहा था कि उसका कुछ घंटे पहले ही जन्म हुआ हो। सूचना पर थाना बाबरी पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को लेकर शामली सीएचसी में भर्ती कराया। बच्ची की हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। लेकिन मेरठ ले जाने से पहले ही सीएचसी में ही बच्ची की मौत हो गई।
थानाध्यक्ष बाबरी नेमचंद सिंह ने बताया कि छह घंटे तक चले उपचार के दौरान शाम को करीब चार बजे बच्ची की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि सीएचसी में दो-तीन लोग बच्ची को गोद लेने के लिए पहुंचे थे, लेकिन उस समय तक बच्ची स्वस्थ नहीं थी।