कैराना । नेट बैंकिंग के माध्यम से ठग ने खाताधारक को फोन करके खाते की जानकारी ले ली और उसके खाते से 68 हजार 777 रुपये ट्रांसफर कर लिए। धोखे का पता चलने पर पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात ठग के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया और कार्रवाई की मांग की।
कांधला के मोहल्ला टीचर्स कालोनी निवासी हुकुमचन्द शर्मा का कैराना की स्टेट बैंक शाखा में खाता है। हुकम चन्द शर्मा ने कोतवाली में अज्ञात ठग के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसके फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके खाते के बारे में कुछ जानकारी मांगी थी।
जिसके बाद उसके खाते से अज्ञात ठग ने 24, 25 व 26 नवंबर तथा दो दिसंबर को कुल 68 हजार 777 रुपये की नकदी निकाल ली। जब वह बैंक शाखा में रुपये जमा कराने गया तो उसे ठगी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात ठग के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी। ठग की तलाश की जा रही है।