थानाभवन (शामली)। मंडलायुक्त संजय कुमार ने थानाभवन नगर पंचायत में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड-19 से निपटने के लिए तैयारियाें का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खामियों को देख उनमें जल्द सुधार लाने के आदेश दिए।
थानाभवन नगर पंचायत में मंडलायुक्त सहारनपुर संजय कुमार ने निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने सबसे पहले कस्बे में अंदर जाकर सड़कों नालियों व कस्बे में साफ सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता को साफ-सफाई में सुधार लाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द कूड़ा निस्तारण करने की व्यवस्था करें। साथ ही कस्बे में कई जगह जलभराव व गंदगी की समस्या है, उसे प्राथमिकता के आधार निस्तारण किया जाए।
इसके बाद मंडलायुक्त कस्बे में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने सीएमओ शामली संजय भटनागर से कोविड-19 महामारी के चलते अस्पताल में कोरोना से निपटने के लिए तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद दवाइयों के बारे में जानकारी हासिल की। मंडलायुक्त ने अस्पताल में लगे फर्श को बदलकर टाइल्स लगाने के आदेश सीडीओ शंभूनाथ तिवारी को दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सैनिटाइजर व मरीजों के उपचार को प्राथमिकता से करने के आदेश दिए।
इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही मंडलायुक्त ने जनपद के सीडीओ, ब्लॉक अधिकारी, अधिशासी अधिकारी थानाभवन, एडीओ पंचायत, एसडीएम शामली, एडीएम शामली, परियोजना निदेशक आदि कई अधिकारियों के साथ जनपद की समस्याओं को लेकर बैठक ली। मंडलायुक्त ने आला अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेशनल हाईवे के रास्ते में पड़ने वाले सभी कस्बों व गांव में नेशनल हाईवे का काम प्राथमिकता से निपटाया जाए। ताकि कस्बे व ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को गंदगी आदि समस्या का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा तीन दिवसीय कार्यक्रम बनाया गया है, जिसमें शासन को जनपद की कोविड-19 की तैयारियां, संचारी रोग आदि और विकास के कार्यों की समीक्षा कर रिपोर्ट भेजी जाएगी।
नगर पंचायत की हो रही जांच
नगर पंचायत सभासद की ओर से नगर पंचायत के घोटाले की शिकायत पर मंडलायुक्त ने कहा कि छह सदस्यीय टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। गहनता से जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।