एनसीसी इलेक्टिव क्रेडिट कोर्स होगा शुरू
शामली। नवीन सत्र 2021-22 से डिग्री कॉलेजों में एनसीसी इलेक्टिव क्रेडिट कोर्स प्रारंभ कराने की एनसीसी मुख्यालय की तरफ तैयारी चल रही है। यह कोर्स प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं डिग्री कॉलेज में प्रारंभ कर दिया जाएगा। डिग्री कॉलेज के छात्र एनसीसी को एक विषय के रूप में चयनित कर सकते हैं।
85 यूपी बटालियन एनसीसी शामली के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल आरके रोशन ने बताया कि नए सत्र 2021-22 से डिग्री कॉलेजों में एनसीसी इलेक्टिव क्रेडिट कोर्स प्रारंभ कराने की एनसीसी मुख्यालय की तरफ तैयारी चल रही है। यह कोर्स सिद्धांत एवं व्यवहार आधारित है। छात्रों की शारीरिक दक्षता विकसित करने के साथ आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय सुरक्षा प्रबंधन भी सिखाया जाएगा, जिससे कैडेट्स को सैन्य संगठन में रोजगार प्राप्त करने में आसानी होगी।
इस कोर्स के माध्यम से युवाओं की शारीरिक और मानसिक क्षमता में वृद्धि होगी। यह कोर्स करने वाले युवा सुरक्षा प्रबंधन के क्षेत्र में, कुशल अनुभव के साथ प्राइवेट सेक्टर में भी रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। कोर्स के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा को भी नए आयाम मिलेंगे। एनसीसी कैडेट बी और सी सर्टिफिकेट प्राप्त करने के साथ-साथ अब उच्च अकादमिक क्रेडिट भी प्राप्त कर सकेंगे।
यूजीसी की गाइड लाइन के अनुसार इस कोर्स को छह सेमेस्टर और 24 क्रेडिट प्वाइंट्स में विभाजित किया गया है। यह कोर्स नई शिक्षा नीति के अनुरूप है जिससे एनसीसी कैडेट्स को भविष्य में लगातार बेहतर रोजगार के अवसर मुहैया होते रहेंगे। डिग्री कॉलेजों में जो भी छात्र एनसीसी को इलेक्टिव विषय के रूप में चयन करना चाहता है, वह नेट के माध्यम से या अपने कॉलेज के एएनओ से मिलकर अपनी शंकाएं दूर कर सकते हैं।