मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की मंडल स्तरीय टीम ने मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम में शामिल अधिकारियों को छापेमारी के दौरान नारकोटिक्स वर्ग की कई दवाइयां मेडिकल स्टोर से बरामद हुई। टीम ने कई दवाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए। जबकि मेडिकल स्टोर पर दवा के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर गोल चक्कर वाली सड़क स्थित निजामुद्दीन अस्पताल पर छापा मारा। छापे के दौरान जांच करते हुए टीम में शामिल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ऑपरेशन थियेटर सील कर दिया था।
शुक्रवार को अस्पताल में संचालित बंधन मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। औषधि निरीक्षक पवन कुमार शाक्य ने बताया कि एक शिकायत की जांच के क्रम में सहायक आयुक्त औषधि सहारनपुर मंडल सहारनपुर के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक सहारनपुर राघवेंद्र सिंह व उनकी ओर से संयुक्त रूप से मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समय फर्म के पार्टनर आतिफ व मोहम्मद गुलशेर मौके पर नहींं मिले। दो दवाइयों के नमूने जांच व विश्लेषण के लिए संग्रहित किए गए। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान पर विभिन्न प्रकार की नारकोटिक्स औषधियां पाई गई। बताया कि किसी भी पार्टनर व तकनीकी व्यक्ति के उपस्थित न होने के कारण अग्रिम आदेशों तक मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है।