शामली। दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट के बाद जिलेभर की पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए शुक्रवार को पूरे जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। खुद एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह शामली, कैराना और थानाभवन के बाजारों व प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त करते दिखे। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों का निरीक्षण किया और आम लोगों तथा व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
एसपी ने दुकानदारों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, छोड़ा हुआ सामान, लावारिस वाहन या असामान्य गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की।
दिल्ली घटना के बाद जिले की सीमाओं पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बिडौली और कैराना बॉर्डर पर पुलिस ने हर वाहन की गहन तलाशी की। दोपहिया वाहनों से लेकर बड़े ट्रक तक बिना जांच के प्रवेश नहीं दिए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से वैध दस्तावेज मांगे और यात्रियों से भी पहचान संबंधी पूछताछ की।
जिले के रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर जीआरपी और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। यात्रियों के बैग, लगेज और ठहरने वाले स्थानों की जांच की गई। महिला कर्मियों ने महिला यात्रियों की अलग से चेकिंग की। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस ने फुट पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी है।
थानों में हाई अलर्ट, टीमों की तैनाती
एसपी के निर्देश पर थानाभवन, शामली, ऊन, बाबरी, कांधला व झिंझाना समेत सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने गांवों और कस्बों में सघन चेकिंग की। प्रमुख चौक-चौराहों पर अचानक नाकाबंदी कर वाहनों को रोककर जांच की गई। पुलिस ने होटलों, धर्मशालाओं और किराये के मकानों में भी सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। एसपी ने कहा कि जिले में सुरक्षा के सभी मानकों को बढ़ा दिया गया है। सभी थानों को चौकसी बढ़ाने और अपनी-अपनी बीटों में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों और असामान्य हलचल पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।