मां की हत्या करने का आरोपी सोबान।
- फोटो : अमर उजाला
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक लंबे समय से बीमार था और पिछले चार दिनों से उसका दिमागी संतुलन बिगड़ा हुआ था। मंगलवार रात्रि में बारह बजे आरोपी युवक अपने हाथो में फावड़ा लेकर निकला और बारी-बारी से मोहल्ले और पड़ोसियों के घरों पर फावडे़ से वार किए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने सड़क पर चलने वाली कारों पर भी उसने वार कर शीशे तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक व परिजनों को समझा बुझाकर चली गई। रात्रि करीब तीन बजकर 21 मिनट पर आरोपी युवक ने सोती हुई मां पर फावडे़ से वार करते हुए उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका के मुंह पर कई वार किए हैं। एएसपी संतोष कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई गई। आरेापी युवक पुलिस की हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
हत्या के बाद पुलिस से भिड़ गया आरोपी, सीसीटीवी में कैद
मां की हत्या की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घर के बाहर से पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन आरोपी पुलिसकर्मियों से ही भिड़ गया। पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई कर दी। पास में ही लगे सीसीटीवी में भी आरोपी मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिसकर्मी भी उसे पीट रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार की रात में भी जब युवक ने मोहल्ले में खड़ी कार और मकानों में फावडे़ से वार किए थे तो पुलिस मौके पर पहुंची थी। उस समय भी आरोपी पुलिसकर्मियों से भिड़ गया था। हालांकि, पुलिस आरोपी को पुलिस चौकी ले गई थी। बाद में ग्रामीणों के कहने पर युवक को रात में ही छोड़ दिया गया था। उसने वापस जाकर मां की हत्या कर डाली।