शामली। पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट बंद होने के बाद दूसरे दिन भी बैंक शाखाओं में मारामारी की स्थिति बनी रही। दिन निकलते ही बैंक शाखाओं पर ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। बृहस्पतिवार को अकेले पीएनबी की शाखाओं में 18 करोड़ रुपये के नोट जमा हुए, तो 82 लाख 40 हजार रुपये के नोट एक्सचेंज किए गए। वहीं, शुक्रवार को यह संख्या दोगुना तक पहुंचने का अनुमान है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिन पूर्व ही पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट पर पाबंदी का आदेश जारी किया। जिस तरह बृहस्पतिवार को बैंक शाखाओं पर भीड़ रही, उससे ज्यादा भीड़ शुक्रवार को बैंक शाखाओं पर पहुंची। सुबह आठ बजे से ही बैंक शाखाओं पर पांच सौ और एक हजार रुपये के नोट जमा कराने और एक्सचेंज कराने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
दोपहर तक स्थिति ऐसी हो गई कि बैंक शाखाओं के बाहर सड़क पर लंबी लाइन लग गई। शहर में एमएसके रोड स्थित एसबीआई शाखा पर सर्वाधिक भीड़ रही। बुढ़ाना रोड पर स्थित बैंक शाखाओं में छोटे नोटों की किल्लत के कारण दोपहर बाद ही नोट एक्सचेंज करने बंद कर दिए गए, जिससे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एक दिन में 18 करोड़ हुए जमा
लीड बैंक मैनेजर हरपाल सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार को पीएनबी की 19 शाखाओं में 82 लाख 40 हजार रुपये के नोट एक्सचेंज कराए गए। वहीं, 18 करोड़ रुपये ग्राहकों ने अपने खातों में जमा कराए। अन्य बैंक शाखाओं से नोट एक्सचेंज और जमा धनराशि की सूचना अभी उपलब्ध नहीं कराई है। अन्य बैंकों की सूचना संकलित होने पर यह आंकड़ा दोगुना तक हो सकता है। वहीं, शुक्रवार को हुए नोट एक्सचेंज और जमा कराई गई धनराशि की गणना अभी कराई जा रही है।
नए नोट पाकर खिला चेहरा
जवाहरगंज मंडी निवासी मुकेश, दयानंदनगर निवासी राजकुमार और बड़ा बाजार निवासी नवनीत ने शुक्रवार को बैंक शाखा पहुंचकर नोट एक्सचेंज कराए, तो उन्हें दो हजार रुपये का नया नोट प्राप्त हुआ। नए नोट देखकर ग्राहकों के चेहर खिल उठे।
उधर, कैराना में शुक्रवार को दूसरे दिन भी 500 व 1000 के नोट बदलने वालों की बैंकों के बाहर भारी भीड़ लगी रही। शुक्रवार को सुबह आठ बजे से ही बैंकों के बाहर नोट बदलने व अपने खातों में रुपये जमा कराने वालों की लाइन लगी थी। कस्बे के पांचों एटीएम बंद रहे। वहीं शुक्रवार को कुछ बैंकों में पुरानों नोटों के बदले नये नोट दिए गये।
वहीं, झिंझाना में कस्बे में तीन बैंकों की शाखाएं हैं, जिसमें से मात्र एसबीआई ने ही रुपये जमा किए और दिए। पीएनबी द्वारा मात्र जमा किए गए, लेकिन रुपये नहीं दिए गए। बैंक का एटीएम भी 12 बजे तक खाली हो गया। जिसके कारण लोगों ने बैंक के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को समझा कर शांत किया। एसबीआई का एटीएम गत एक सप्ताह से खराब चल रहा है। इसके अलावा मेन बाजार स्थित सहकारी बैंक द्वारा लोगों से रुपये जमा कराए। पोस्ट ऑफिस में रुपये जमा किए गए। वापस किसी ग्राहक को नहीं दिए गए।