संवाद न्यूज एजेंसी
ऊन। तहसील क्षेत्र के गांव आकापुर फूसगढ़ में बिजली विभाग द्वारा हाई वोल्टेज लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान विभागीय कर्मचारियों पर किसानों के पेड़ काटने के बावजूद उचित मुआवजा न देने का आरोप लगा है।
गांव निवासी किसान मानसिंह ने बताया कि उसके खेत से होकर लाइन गुजारी जा रही है। इस दौरान विभागीय टीम ने उसके खेत में लगे करीब 40 यूकेलिप्टस और 9 पॉपलर पेड़ काट दिए, जिनकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। किसान का कहना है कि विभाग द्वारा दो बार में 44 हजार और 46 हजार रुपये बैंक खाते में भेजे हैं, जो पेड़ों की वास्तविक कीमत की तुलना में बहुत कम हैं। किसान ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी ऊन को लिखित शिकायत देकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।