शामली। मंगलवार को सीसीटीवी की निगरानी में यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन अधिकांश परीक्षार्थी सिटिंग प्लान को लेकर कुछ परेशान दिखे। पहले दिन हिंदी की परीक्षा में दोनों पालियों में कुल 609 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। डीएम सहित सचल दस्तों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
सुबह पहली पारी में हाईस्कूल हिंदी का पेपर सुबह सवा आठ बजे शुरू हुआ। अधिकतर परीक्षा केंद्रों में पहले दिन परीक्षार्थी अपने सीटिंग प्लान को लेकर परेशान नजर आए। पहली पाली में सुबह सवा आठ बजे से हाईस्कूल की हिंदी का प्रश्नपत्र हुआ। इसमें कुल पंजीकृत 13715 परीक्षार्थियों में 13096 ने परीक्षा दी जबकि 619 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटर की हिंदी की परीक्षा में कुल पंजीकृत 11000 में 10639 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 361 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि जनपद में बनाए गए सभी 34 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न हुई। सभी उत्तर पुस्तिकाओं को आरके इंटर कालेज शामली में बनाए गए संकलन केंद्र पर जमा कराया गया है।
छात्र-छात्राओं की अलग-अलग लंबी लाइन लगी
आरके इंटर कालेज शामली सुबह सात बजे से ही परीक्षार्थियों का केंद्र पर पहुंचना शुरू हो गया था। परीक्षा केंद्र परिसर से पहले छात्र और छात्राओं की लंबी लाइन लगी थी। आंतरिक निरीक्षण दस्ते द्वारा छात्र और छात्राओं की अलग-अलग लाइन में तलाशी ली जा रही थी। छात्राओं की तलाशी अध्यापिकाओं द्वारा ली जा रही थी। प्रवेश पत्र की जांच पड़ताल और तलाशी के बाद छात्र-छात्राओं को अंदर जाने दिया जा रहा था।
सीट के लिए इधर-उधर दौड़ रहे थे परीक्षार्थी
ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेमोरियल इंटर कालेज शामली परीक्षा केंद्र पर सुबह साढ़े सात बजे मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की भीड़ लगी थी। आंतरिक निरीक्षण दस्ते और अन्य शिक्षक तलाशी लेकर ही अंदर भेज रहे थे। अध्यापिकाओं ने छात्राओं की तलाशी ली। कुछ परीक्षार्थी अपनी सीट की तलाश में इधर-उधर दौड़ रहे थे। कालेज के कई अध्यापक और अध्यापिका परीक्षार्थियों को उनकी सीट की जानकारी देने में लगे थे।
सिटिंग प्लान में रोल नंबर तलाश रही थी छात्राएं
हिंदू कन्या इंटर कालेज शामली परीक्षा केंद्र पर पौने आठ बजे छात्राओं की लाइन लगी थी। अध्यापिकाएं छात्राओं की तलाशी और प्रवेश पत्र की जांच कर रही थी। इसके बाद उन्हें केंद्र परिसर में भेजा जा रहा था। कुछ छात्राएं अपना रोल नंबर और कक्ष संख्या को सिटिंग प्लान में देख रही थी।
परीक्षा देकर खुशी में उछलते कूदते बाहर निकले छात्र
वीवी इंटर कालेज शामली परीक्षा केंद्र में सवा 11 बजे जैसे ही परीक्षा खत्म हुई तो छात्रों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी। खुशी में उछलते कूदते हुए छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर निकले। छात्रों के बाद छात्राएं परीक्षा केंद्र से बाहर आई। छात्राएं आसान प्रश्नपत्र आने से खुश थी।
--
बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों की स्थिति
हाईस्कूल
कुल पंजीकृत परीक्षार्थी-13715
परीक्षा में उपस्थित परीक्षार्थी- 13096
अनुपस्थित परीक्षार्थी -619
इंटर
कुल पंजीकृत परीक्षार्थी -11000
परीक्षा में उपस्थित परीक्षार्थी - 10639
अनुपस्थित परीक्षार्थी - 361
शामली हिन्दू कन्या इन्टर कॉलिज में बोर्ड परिक्षा के दौरान निरिक्षण करते डीएम- फोटो : SHAMLI
शामली में आरके इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान छात्रों की लगी लाइन।- फोटो : SHAMLI
शामली में आरके इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान छात्राओं की तलाशी लेतीं शिक्षिकाएं।- फोटो : SHAMLI
शामली में आरके इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए छात्राओं की लगी लाइन।- फोटो : SHAMLI