शामली। डीएम अखिलेश सिंह ने हिंदू कन्या इंटर कालेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न होने के निर्देश दिए।
मंगलवार को यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन डीएम शहर में मिल रोड स्थित हिन्दू कन्या इंटर कालेज में परीक्षा का निरीक्षण किया। डीएम ने सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकॉर्डर के माध्यम से हो रही मॉनीटिरिंग व्यवस्था को देखा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रकाश की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक कक्ष में दो-दो एलईडी बल्ब अतिरिक्त लगवाए जाने के निर्देश दिए ताकि परीक्षार्थी अच्छे तरीके से प्रश्न हल कर सकें। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरा, ऑडियो, वीडियो रिकॉर्डिंग निरंतर चलती रहे, ताकि परीक्षा में नकल न की जा सके। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र में केवल अधिकृत व्यक्ति ही प्रवेश करें। चेतावनी दी कि बोर्ड परीक्षा में नियम तोड़ने वाले और किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार माने जाएंगे।
--------
डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया
शामली। डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि उन्होंने सचल दस्ते के साथ पहली पाली में होली चाइल्ड लपराना, बलवंती देवी इंटर कालेज सिकंदरपुर, ज्ञानदीप कालेज श्यामली-श्यामला, जयभारत इंटर कालेज चौसाना और राजकीय इंटर कालेज कमालपुर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकार्डर आदि सही चालू हालत में पाए गए।
---------
लखनऊ से की गई कंट्रोल रूम की जांच
शामली। बोर्ड परीक्षा के पहले दिन की कंट्रोल रूम से निगरानी की गई। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को राउटर के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। सभी परीक्षा केंद्रों और जिला कंट्रोल रूम को लखनऊ मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम संचालक संदीप कुमार ने बताया कि लखनऊ मुख्यालय से जिला कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। जिला कंट्रोल रूम से जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई।