शामली। धनतेरस पर बाजार ग्राहकों से गुलजार हो गए और जमकर खरीदारी हुई। किसी ने बाइक खरीदी तो किसी ने कार बुक की। बर्तन और इलेक्ट्रानिक्स सामान भी खूब बिके। जेवर और चांदी के सिक्कों की भी खूब बिक्री हुई। रात तक बाजारों में खूब धन वर्षा हुई। पिछले साल की तुलना में भी डेढ़ गुना बढ़ोतरी हुई। जिले भर में करीब 25 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। शुक्रवार को धनतेरस पर बाजारों में सुबह नौ बजे से ही ग्राहक पहुंचना शुरू हो गए थे। बर्तन, चांदी, सोने की ज्वैलरी, इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिक, ऑटो मोबाइल्स, कपड़े, सजावटी सामान समेत सभी सामानों की लोगों ने जमकर खरीदारी की।
250 बाइक और 50 कार की हुई बिक्री
धनतेरस पर ऑटो मोबाइल्स सेक्टर में अच्छा कारोबार हुआ। दिल्ली रोड स्थित ऑटो एजेंसी के संचालक प्रदीप सिंघल ने बताया कि बीते साल धनतेरस पर 50-60 बाइकों की बिक्री हुई थी, इस बार 100 से अधिक बाइकों की बिक्री हुई। झिंझाना रोड स्थित ऑटो एजेंसी के संचालक पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि उम्मीद के मुताबिक बाइकों की बिक्री हुई। इलेक्ट्रिक स्कूटर एजेंसी संचालक हर्ष निर्वाल का कहना है कि कारोबार पिछले साल से अच्छा रहा है। कार शोरूम के संचालक प्रवीण कुमार ने बताया कि शाम तक 25 कारों की बिक्री हुई है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में मची रही धूम
इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर एलईडी, वाशिंग मशीन, फ्रिज की सबसे अधिक बिक्री हुई। व्यापारी रोहित गोयल, वैभव गर्ग और अंकुर गोयल का कहना है कि कई महीने से बाजार में मंदी का असर था। धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहा है। पिछले साल की अपेक्षा कारोबार में 50 प्रतिशत वृद्धि हुई है। व्यापारी सचिन देशवाल ने बताया कि धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहा है। करीब दो करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
सराफा बाजार चमका
सराफा बाजार में सोने के जेवरात के अलावा चांदी के सिक्के, बर्तनों की जमकर खरीददारी हुई। महिलाएं और पुरुष ग्राहकों की सराफा की दुकानों पर भीड़ लगी रही। बड़ा बाजार स्थित सराफा व्यापारी मनोज कुमार, राजेश कुमार ने बताया कि धनतेरस पर पिछले साल से इस बार डेढ़ गुना ज्यादा व्यापार रहा। चांदी के लक्ष्मी-गणेश के सिक्के और मूर्तियों की सबसे अधिक बिक्री हुई। जिले में करीब पांच करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
पांच करोड़ के बर्तनों का कारोबार
बर्तनों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ के चलते आपाधापी मची रही। स्टील के बर्तनों के साथ तांबा, पीतल के बर्तनों की बिक्री हुई। मेटल की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खूब बिक्री हुई। शहर में बर्तनों का थोक कारोबार है। मोटे अनुमान के तौर पर बर्तनों का करीब पांच करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है।
इलेक्ट्रिक बाजार में भी खूब चमका
चाइनीज झालर, पाइप, लट्टू, स्टिप आदि छाये रहे। केशव गोयल ने बताया कि घरों में सजाव के इलेक्ट्रिक सामान की अच्छी बिक्री हुई। व्यापारी संजय गोयल ने बताया कि एलईडी बल्ब, फैंसी लाइटें और झूमर की डिमांड है। उनका कहना है कि पिछले साल से इस बार बाजार अच्छा है।
झाडू़ की हुई खूब बिक्री
धनतेरस पर झाडू खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन झाडू़ खरीदने की परंपरा के चलते बांस और फूल की झाडू़ की खूब बिक्री हुई। कैराना रोड निवासी किरयाना व्यापारी सतीश कुमार ने बताया कि सामान्य दिनों में 25-30 झाडू़ बिकती हैं, लेकिन धनतेरस पर दोगुनी से भी अधिक झाडू़ बिकीं।
धनतेरस पर बाजार अच्छा रहा है, छह-सात महीने से बाजार में मंदी छाई थी। धनतेरस के दिन शामली शहर समेत जिले के सभी कस्बों में 25 से 30 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। - घनश्यामदास गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल।
धनतेरस पर शामली में हुई बिक्री
आटोमोबाइल में अनुमानित बिक्री
ट्रैक्टर 50
बाइक 250
कार 50
स्कूटी 200
इलैक्ट्रिक स्कूटी 20
जिले में कारोबार का अनुमानित आंकड़ा
ऑटो मोबाइल 8 करोड़
सराफा 5 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक 5 करोड़
बर्तन 5 करोड़
किराना 1 करोड़
अन्य 1 करोड़