शामली में भाजपा नेताओं के बोर्ड उखाड़ते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : SHAMLI
शामली। शहर के सुभाष चौक पर वीरेंद्र सिंह के एमएलसी बनने की खुशी में सभासदों की तरफ से लगाए गए होर्डिंग को कुछ लोगों ने फाड़ दिया। होर्डिंग फाड़े जाने का मामला तीन दिन पहला बताया गया है। उस दिन एक संगठन द्वारा शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया था। उसी समय कुछ लोगों द्वारा होर्डिंग को फाड़ा गया। सभासदों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
नगरपालिका के वार्ड सभासद अनिल उपाध्याय निवासी मोहल्ला दयानंद नगर और सभासद के पति निशिकांत संगल निवासी मोहल्ला धर्मपुरा ने शनिवार को शहर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उन दोनों ने वीरेंद्र सिंह के एमएलसी बनने की खुशी में शहर में पोस्टर और होर्डिंग लगाए थे। जिस पर उनकी भी फोटो लगी थी। सभासदों का कहना है कि तीन दिन पहले छह अक्तूबर को शहर में शांतिपूर्ण तरीके से एक संगठन का कैंडल मार्च निकला था। उस दिन कुछ उपद्रवियों ने पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ और एमएलसी वीरेंद्र सिंह की फोटो से नाराज होकर सुभाष चौक पर लगे होर्डिंग को द्वेषभाव रखते हुए फाड़ दिया और पैरों से कुचल दिए। सभासदों ने पुलिस को होर्डिंग फाड़ने व पैरों तले कुचलने की फोटो उपलब्ध कराते हुए इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।