बदमाशों ने युवक को घायल कर लूटा
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड स्थित गांव बामनौली के मोड़ पर बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक के सिर पर तमंचे के बट से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और करीब दस हजार रुपये लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने तमंचे से गोली चलाई, लेकिन संयोग से गोली मिस हो गई। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव बामनौली निवासी अमित शर्मा गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में काम करता है। बुधवार को वह होली पर गाजियाबाद से घर आ रहा था। रात करीब साढ़े नौ बजे शामली से वह टैंपो में सवार होकर अपने गांव बामनौली के मोड़ पर पहुंचा और वहां से पैदल गांव की तरफ चल दिया। अमित के अनुसार वह मोड़ से गांव की तरफ थोड़ी दूर ही चला था। तभी बाइक पर दोनों बदमाशों ने उसे घेर लिया और उससे दस हजार रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर तमंचे से गोली चलाई, लेकिन संयोग से गोली मिस हो गई। बदमाशों ने अमित के सिर में तमंचे के बट से वार कर गंभीर घायल कर दिया।
किसी तरह अमित बदमाशों के चंगुल से छूटकर भाग निकला और परिजनों को सूचना दी। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर रात में पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों के साथ सीएचसी में ले जाकर घायल युवक का उपचार कराया। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।