पुलिस आरक्षी भर्ती 2018 में चयनित अभ्यर्थियों की पुलिस लाइन में दूसरे दिन भी मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन हुआ। कुल 100 अभ्यर्थियों में से तीन अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे जबकि मेडिकल जांच में छह अभ्यर्थी अनफिट मिले।
पुलिस आरक्षी भर्ती 2018 में जिले के 559 अभ्यर्थी चयनित हुए है। चयनित अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और चरित्र सत्यापन का कार्य सोमवार से पुलिस लाइन में चल रहा है। प्रत्येक दिन 100-100 अभ्यर्थियों को जांच के लिए बुलाया जा रहा है। आरआई संजय सिंह ने बताया कि मंगलवार को दूसरे दिन 100 अभ्यर्थियों को जांच के लिए बुलाया था, जिनमें 97 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि तीन अनुपस्थित रहे। जिला स्तरीय गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा 97 अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच की गई। इनमें छह अभ्यर्थी अनफिट पाए गए। अनफिट अभ्यर्थियों में तीन की लंबाई कम पाई गई। एक अभ्यर्थी के घुटने टच होने पर और दो अभ्यर्थियों के हाथ की हड्डी में कमी होना पाया गया है। अनफिट अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच अब मंडल स्तरीय मेडिकल बोर्ड द्वारा की जाएगी। इसके लिए उनके आवेदन फार्म भरवा लिए गए है। विदित हो कि सोमवार को 100 अभ्यर्थियों में से 96 अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच की गई थी, जिनमें चार अभ्यर्थी अनफिट मिले थे। आरआई ने बताया कि बुधवार को भी 100 अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच और चरित्र सत्यपान के लिए बुलाया गया है। इस अवसर पर सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह मौजूद रहे।