पंप पर तेल कम देने को लेकर हंगामा, नोकझोंक
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। दिल्ली रोड स्थित पंप पर डीजल कम देने को लेकर ग्राहक और सेल्समैन के बीच विवाद को लेकर हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तेल की कैन और मशीन की पर्ची कब्जे में ले ली और एक सेल्समैन को हिरासत में ले लिया।
मंगलवार रात करीब आठ बजे आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव टिटौली निवासी जितेंद्र अपने पुत्र सौरभ के साथ बाइक से कैन में डीजल लेने शामली में दिल्ली रोड स्थित पंप पर पहुंचे। जितेंद्र के मुुताबिक उनके पास 30 लीटर की कैन थी। उन्होंने सेल्समैन से कैन में तेल भरने को कहा। कैन में 31 लीटर तेल आने के बाद भी उसमें जगह बच गई। उसने सेल्समैन से कम तेल देने की शिकायत की। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जितेंद्र का आरोप है कि सेल्समैन ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान दोनों के बीच नोकझोंक हुई। शोरशराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जितेंद्र की सूचना पर उसके परिजन व ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पंपकर्मियों पर तेल कम देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक सेल्समैन को हिरासत में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि तेल की कैन और मशीन की पर्ची को कब्जे में ले लिया है।आपूर्ति विभाग को इस मामले की सूचना दे दी है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, पंप मालिक घनश्यामदास गर्ग ने बताया कि तेल कम देने का आरोप गलत है। उन्होंने ग्राहक से कैन में दिए गए तेल को दोबारा मापने की बात भी कही है, लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं हुए। इसी बात को लेकर ग्राहक व सेल्समैन के बीच कहासुनी हो गई थी।