शामली। पिछले दिनों शामली रेलवे स्टेशन पर मिला बच्चा देवराज मथुरा जिले के कुंडीरा गांव का निवासी है। बरामद बच्चे की अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद परिजनों को इसकी जानकारी मिली।
पिछले दिनंों शामली रेलवे स्टेशन पर छह वर्षीय बच्चा लावारिस हालत में मिला था। बच्चे को जीआरपी ने जिला प्रोबेशन विभाग के ट्रांजिट हास्टल बनत कार्यालय को सौंप दिया था।
जिला प्रोबेशन विभाग ने बच्चे को बाल संरक्षण केंद्र रामपुर को भेज दिया था। चार नवंबर को बच्चे के मिलने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित हुई थी। इस पर परिजनों ने सोमवार को शामली अमर उजाला कार्यालय में फोन करके पूरी जानकारी प्राप्त की।
बच्चे के परिजनों ने बताया कि छह माह पूर्व मथुुरा जिले के कुंडीरा गांव निवासी विष्णु की पत्नी उषा पांच और छह मई को अपने तीन बेटों के साथ बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा स्नान करने आई थी। मथुरा रेलवे स्टेशन पर छह साल का देवराज लापता हो गया था। मथुरा जिले की पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। उन्होंने वह शामली जिले के प्रोबेशन विभाग के कार्यालय में बच्चे को सुपुर्दगी में दिए जाने की मांग की।