शामली। जिले में करवा चौथ का पर्व बृहस्पतिवार को परंपरागत तरीके से श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु के लिए कामना की। रात में चंद्र दर्शन के बाद और छलनी में पति का चेहरा देखने के बाद व्रत का पारण किया। इस दौरान पतियों ने भी अपनी पत्नियों को उपहार भेंट किए।
करवा चौथ के व्रत को लेकर सुबह से ही सुहागिनों में उत्साह बना रहा। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर पूजा की तैयारियां की और शुभ मुहूर्त में करवा चौथ का पूजन किया। बुजुर्ग महिलाओं ने कथा सुनाई। सामूहिक रूप से गली मोहल्लों में महिलाएं एक-दूसरे के यहां जाकर कथा पढ़ी और सुनी।
शाम को घर में पकवान बनाए और अपनी सास एवं अन्य बुजुर्गों को बायना (उपहार) दिया। इसके बाद सुहागिनों ने चंद्र दर्शन करने के साथ ही छलनी में पति के चेहरे का दीदार किया। इसके बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर अपने पति के हाथ से पानी पीकर निर्जल व्रत का पारण किया। बाहर दूसरे शहरों में नौकरी पेशा व व्यवसाय करने वाले पति से महिलाओं ने चंद्रदर्शन के बाद वीडियो कॉलिंग करके बात की और व्रत का पारण किया।
सोशल मीडिया पर छाईं नवविवाहिताएं
नवविवाहिताओं ने अपने पहले करवाचौथ को यादगार बनाने के लिए तस्वीरें खींचीं और सोशल मीडिया पर साझा कीं। उनकी तस्वीरों और संदेशों को परिचितों ने भी पसंद किया। दिल्ली रोड निवासी सुनीता, बड़ा बाजार की मनोरमा और मुजफ्फरनगर रोड निवासी अंजलि ने बताया कि उनका पहला करवा चौथ था। त्योहार को लेकर उन्होंने पहले से तैयारियां की थीं। महिलाओं ने कहा कि पहला करवा चौथ उनके लिए यादगार रहा।
बाजारों में रही भीड़
शामली। करवा चौथ पर बृहस्पतिवार को भी शहर के बाजारों में रौनक रही। सुहागिनों ने व्रत की तैयारियों के लिए मेहंदी लगवाने से लेकर गहने, साड़ियां और कॉस्मेटिक का सामान खरीदा। कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार और दिल्ली रोड समेत प्रमुख बाजारों में सुबह से ही महिलाओं की भीड़ रही। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।
रेलपार मोहल्ला में करवा चौथ के व्रत की कहानी सुनतीं महिलाएं।संवाद- फोटो : Samvad
रेलपार मोहल्ला में करवा चौथ के व्रत की कहानी सुनतीं महिलाएं।संवाद- फोटो : Samvad
रेलपार मोहल्ला में करवा चौथ के व्रत की कहानी सुनतीं महिलाएं।संवाद- फोटो : Samvad
रेलपार मोहल्ला में करवा चौथ के व्रत की कहानी सुनतीं महिलाएं।संवाद- फोटो : Samvad