विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या का आरोप
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव महरमपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जिला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के गांव अटेरना निवासी नौशाद ने मंगलवार देर रात आदर्श मंडी थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन सामरा (25) की शादी 2017 में गांव महरमपुर में हाशिम के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले उसकी बहन को परेशान कर रहे थे। मंगलवार रात को उन्हें सूचना मिली कि ससुराल वालों ने उसकी बहन की फांसी लगाकर हत्या कर दी। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। आदर्श मंडी थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि मृतका के भाई नौशाद की तहरीर पर पति हाशिम, देवर मोमीन, इमरान, ननंद मोहसिना व दिलशाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।