कैराना। कस्बा कैराना में पानीपत खटीमा राजमार्ग के सौंदर्यीकरण और डिवाइडर लगाए जाने के लिए दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटवाया गया। जेसीबी से आधा दर्जन दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
नगर पालिका परिषद द्वारा दूसरे चरण में कांधला तिराहे पानी की टंकी से सीओ आफिस तक सड़क का चौड़ीकरण करके डिवाइडर लगाए जाने का कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए सड़क के दोनों और साढे़ छह मीटर के दायरे में आने वाले निर्माण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया जा रहा है।
शुक्रवार को 15 दुकानों को ध्वस्त किया था। शनिवार सुबह 10 बजे से जेसीबी लगाकर फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसके चलते आधा दर्जन दुकानों व अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी के पहुंचने से पहले ही दुकानदारो ने अपनी अपनी दुकानें स्वयं खाली कर दी थीं। सभी ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे इस कार्य में अपना सहयोग दिया।
इसके बाद में दुकानदार अपनी अपनी दुकानों के आगे से मलवा हटाने लगे। नगर पालिका परिषद के चेरयमैन राशिद अली ने बताया कि नगर के विकास और सौंदर्यीकरण तथा जाम से मुक्ति दिलाने के लिए यह कार्य कराया जा रहा है।