शामली कोतवाली समाधान दिवस में शिकायत सुनते एसपी
- फोटो : SHAMLI
शामली। शहर कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुंचे एसपी सुकीर्ति माधव ने जन शिकायतों को सुना। एसपी ने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाए।
शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में पहुंचे एसपी ने जन शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने पुलिस व राजस्व की टीम को जमीन संबंधी शिकायतों को मौके पर जांच कर कार्रवाई करने और समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसपी ने राजस्व लेखपालों से सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण संबंधी मामलों की जानकारी ली और भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पूर्व में प्राप्त हुई शिकायतों के निस्तारण पर मौजूद अभिलेखों से मिलान कर जानकारी ली और शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता की परख की। उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण अंतिम रुप से हो ताकि शिकायतकर्ता पुन: उसी समस्या को लेकर अधिकारियों के समक्ष न पहुंचें। एसपी ने समाधान दिवस के अभिलेखों के रख रखाव को देखा। थाना समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधी तीन शिकायतें आई, जिनका निस्तारण कराया गया। उधर, कांधला में थाना परिसर में समाधान दिवस में तहसीलदार प्रियंका जायसवाल व थाना प्रभारी ने समस्याएं सुनी। राजस्व विभाग से जुड़ी पांच शिकायतें आईं। इसके साथ ही कई लोगों ने जमनी संबंधी शिकायत की। तहसीलदार ने मौके पर राजस्व टीम को भेजकर जांच शुरू करा दी है।
----
मुख्य सड़क पर अतिक्रमण को लेकर एसपी ने जताई नाराजगी
शामली। शहर में मुख्य सड़क पर अतिक्रमण की वजह से लगने वाले जाम को लेकर एसपी सुकीर्ति माधव ने नाराजगी जताते हुए कोतवाली प्रभारी को मौके पर बुलाकर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। शनिवार को शहर कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस से लौटते समय एसपी जब हनुमान रोड पर पहुंचे तो ऑटो पार्ट्स की दुकानों के बाहर सड़क पर बाइकों को खड़ी कर मरम्मत की जा रही थी। इससे मुख्य सड़क पर जाम लगा था। एसपी ने अपनी गाड़ी से उतरकर दुकानदारों से सड़क पर किए जा रहे अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। एसपी ने मौके पर कोतवाली प्रभारी पंकज त्यागी को बुलवाया और अतिक्रमण को लेकर नाराजगी जताई। एसपी ने कोतवाली प्रभारी को दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के निर्देश दिए ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो सके।