पुलिस ने मोहल्ला छड़ियान गुली में एक मकान में छापेमारी कर गोकशी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 70 किलो मांस और वध करने के उपकरण बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार शाम कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला छड़ियान में तनवीर कुरैशी के मकान पर गोकशी की जा रही है। सूचना पर एसआई अजय कसाना ने टीम के साथ मकान पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से भागने की कोशिश करते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि मकान मालिक फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार नागर ने बताया कि मौके से 70 किलो मांस, लकड़ी का गुटका, बांट तराजू व वध करने के उपकरण बरामद हुए। आरोपियों के नाम अय्यूब निवासी मोहल्ला गुली आलकलां और तासिम निवासी ग्राम खुरगान है। फरार मकान मालिक तनवीर कुरैशी है। बरामद मांस का पशु चिकित्सक डॉ. लोकेश अग्रवाल से परीक्षण कराया गया। जिन्होंने उसे गोमांस बताया। जिसके बाद बरामद मांस को जमीन में दबवा दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया। फरार आरोपी तनवीर की तलाश की जा रही है।