गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव भैंसवाल में एक सप्ताह पूर्व देवेंद्र कश्यप की अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। रविवार को देवेंद्र की रस्म पगड़ी पर गांव और क्षेत्र के कश्यप समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। हवन कर देवेंद्र कश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कश्यप बतीसा खाप के चौधरी ओमपाल कश्यप ने कहा दो-तीन दिन के बाद कश्यप समाज का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम मिलेगा। शासन ने पीड़ित परिवार से जो वादे किए हैं, अगर पूरे नहीं हुए तो जल्द ही कश्यप समाज की एक महापंचायत होगी। कश्यप समाज के लोगों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन का एलान किया।
कश्यप विकास सामाजिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल कश्यप ने कहा यह समाज के लिए दुखद घटना है। शासन की ओर से पांच बीघा जमीन, 100 गज का पट्टा, मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख की आर्थिक सहायता, पारिवारिक लाभ योजना आदि की जो घोषणा की गई थी, पीड़ित परिवार को यह जल्द मिलना चाहिए। कश्यप समाज के जिलाध्यक्ष रवि कश्यप ने कहा देवेंद्र की पत्नी को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए। शासन की तरफ से पीड़ित परिवार को झूठा आश्वासन दिया है। हम परिवार को हक दिलाकर रहेंगे।
देवेंद्र के भतीजे नीरज को कश्यप बतीसा खाप के चौधरी ओमपाल कश्यप, कश्यप विकास सामाजिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल कश्यप और क्षेत्र के कश्यप समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से पगड़ी बांधी। इसके बाद दो मिनट का मौन धारण कर मृतक देवेंद्र की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। मौके पर भोपाल कश्यप भैंसवाल, धर्मवीर कश्यप, नरेश कश्यप, छत्रपाल कश्यप, जयदेव कश्यप, रमेश आदि मौजूद रहे।