शामली। यातायात सड़क सुरक्षा सप्ताह में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने अहम भूमिका निभाई। विजय चौक पर आने जाने वाले दुपहिया वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट किया तथा उनको नियमों के प्रति जागरूक किया।
शनिवार को एसपी डा. अजयपाल शर्मा, सीओ उपेंद्र कुमार यादव, कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया विजय चौक पर पहुंचे और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहन चालकों को रोका तथा नियम तोड़ने वाले चालकों को फूल भेंट करते हुए उनको उनकी गलती का अहसास कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक तथा कोतवाली प्रभारी नगर के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में पहुंचे। वहां पर उन्होंने बच्चों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया। उधर, कैराना में पुलिस यातायात नियमों को तोड़ने वालों का चालान करती रहती है। वही शनिवार को यातायात नियमों पर जनता को जागरूक करने के लिए पुलिस ने एक नया तरीका अपनाया।
शनिवार सुबह पुलिस क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा व एसएसआई अमन सिंह ने पुलिस बल के साथ पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर पालिका मार्केट के आगे खड़े होकर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने यातायात नियमों को तोड़ने वालों का चालान करने के स्थान पर उन्हें गुलाब का फूल भेंट करके यातायात नियमों के महत्व को समझाया। इसके बाद सीओ भूषण वर्मा शामली रोड स्थित भास्कर इंटर नेशनल स्कूल पहुंचे, जहां पर एक गोष्ठी के दौरान उन्होंने छात्रों को यातायात के नियमों का महत्व समझाया।